By Vijay
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से खबर है, जहां सड़क हादसे की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि 20 से 25 लोगों की भीड़ अचानक पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल है, जिनका इलाज जारी है।
यह पूरा घटना सालेटेकरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 24 नवंबर की देर रात ग्राम कचनारी में पुलिस को सूचना मिली कि अचानकपुर और कचनारी के बीच खड़े ट्रक में एक बाइक सवार जा घुसा और उसकी मौत हो गई। हादसा के बाद सूचना पर मौके में पुलिस पहुंची और पुलिस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया।
इस हमले में आरक्षक तोमेश गंभीर रूप से घायल है, जबकि विशेष सहयोगी दस्ता के संदीप मेरावी और पीयूष को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल को बिरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के मंडई मेले के आयोजन के बीच नशे में घूम रहे कुछ लोगों की मौजूदगी की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद सालेटेकरी पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है। हालांकि वास्तविक वजह क्या है, यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।