सिंगरौली जिले के जयंत चौकी क्षेत्र अंतर्गत देर रात एक मामूली विवाद में हत्या कर दी गई है। मामूली विवाद के बाद हमलावरों ने एक युवक भूपेंद्र सिंह की चाकू, हॉकी, डंडा, तलवार से मारपीट करके हत्या कर दी है।
मृतक की पहचान जयंत निवासी भूपेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना की खबर फैलते ही जयंत चौकी के बाहर स्थानीय लोग और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई है। जिसके कारण क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
आपको बता दें कि करीब तीन घंटे से ज्यादा समय से सड़क को भी जाम कर दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक भूपेंद्र सिंह देर रात एक बर्थडे पार्टी से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान जयंत इलाके में गाड़ी को ओवरटेक करने की बात को लेकर सागर वर्मा समेत 4 अन्य लोगों से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने भूपेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। इसके अलावा लाठी, डंडा, हॉकी से भी मारपीट की गई है। जिसके बाद उसको इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने बनारस के लिए रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस हत्याकांड में बनौली निवासी सागर वर्मा का नाम सामने आ रहा है।
बताया जा रहा है कि सागर वर्मा के चाचा भारतीय जनता पार्टी में पदाधिकारी हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस राजनीतिक कनेक्शन की पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार भी मौके पर पहुंचे हैं। इसके अलावा भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।
हेमंत कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदेह के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल अन्य सभी आरोपियों की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। हालांकि परिजनों की मांग है कि आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और जो एनसीएल की जमीन पर अतिक्रमण करके निवास रत हैं, उनके घरों को भी तोड़ा जाए।

Comments (0)