मध्य प्रदेश के रीवा जिले से खबर है, जहां रीवा जिले के सुभाष तिराहे पर मंगलवार रात भाजपा नेत्री के बेटे और दो युवतियों के बीच मारपीट हो गई। अब इसका वीडियो भी सामने आया है। युवक की पहचान भाजपा नेत्री और पूर्व पार्षद हेमलता सिंह के बेटे युवराज सिंह के रूप में हुई है।
वीडियो में दिख रहा है कि युवराज और लड़कियों के बीच मारपीट हो रही है। वह एक लड़की को सड़क पर पटक देता है। इस दौरान लड़की भी उससे मारपीट करने लगती है। इसके बाद इसके स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ की गई है। एक युवती ने अपना वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि युवराज ने अटल पार्क से उसका पीछा किया।
इसके बाद चाय की दुकान के पास उन्हें रोक लिया और उसने अपना नाम युवराज बताया और कहा कि मैं तुम्हें पसंद करता हूं। तुम्हें मेरा होना होगा, चाहे प्यार से या फिर जबरदस्ती से। इस पूरे मामले को लेकर एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने युवती के साथ छेड़खानी की थी।
इसका विरोध करने पर विवाद हुआ, लेकिन अब तक लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आपको हम बता दें कि युवराज की मां हेमलता सिंह भाजपा के कुशाभाऊ ठाकरे मंडल की मंडल अध्यक्ष हैं और पूर्व पार्षद भी रह चुकी हैं। वह स्कूल भी चलाती हैं और युवराज भी उनका सहयोग करते हैं।

Comments (0)