By Vijay
सिंगरौली जिले के एनसीएल निगाही परियोजना क्षेत्र की कॉलोनी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां निगाही परियोजना में डंपर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत एनसीएल कर्मी बसंत राम पर उनके ही बेटे ने चाकू से ताबड़तोड़ 11 बार हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
आरोपी युवक नशे की लत का शिकार बताया जा रहा है और इसी लत के चलते वह अपने पिता बसंत राम से पैसे मांग रहा था। जब पिता ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो बेटा आगबबूला हो गया। गुस्से में आकर उसने घर में रखा चाकू उठाया और पिता के पेट पर करीब 11 बार वार कर दिए। हमले में बसंत राम लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही घर में मौजूद अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल बसंत राम को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें बनारस रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल पिता की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।