मध्य प्रदेश के सीधी जिले से खबर है, जहां सीधी जिले में रीवा संभाग की लोकायुक्त पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त टीम ने सीधी जिले के एक उप तहसील कार्यालय में दबिश दिया है और जहां पदस्थ लिपिक भूपेंद्र सिंह को ₹10,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार फरियादी हीरालाल कोल निजी भूमि को शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज होने से बचाने के एवज में उप तहसीलदार तहसील कार्यालय में पदस्थ लिपिक भूपेंद्र सिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। इसी दौरान बाबू की प्रताड़ना और पैसों की मांग से परेशान होकर हीरालाल कोल ने इस बात की शिकायत रीवा लोकायुक्त पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपों का सत्यापन कराया।
जांच में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई और लोकायुक्त टीम ने आज आरोपी बाबू को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के तहत गुरुवार को जैसे ही फरियादी हीरालाल कोल उप तहसील कार्यालय पहुंचा और उसने लिपिक भूपेंद्र सिंह को रिश्वत दी। पहले से ही मुस्तैद खड़ी लोकायुक्त पुलिस ने तत्काल आरोपी भूपेंद्र सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी लिपिक के हाथ धुलवाने पर पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की भी पुष्टि हो गई है। कार्रवाई की भनक लगते ही अन्य कर्मचारियों में अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया। फिलहाल लोकायुक्त पुलिस की टीम अब आगे की कार्रवाई के लिए जुटी हुई है।

Comments (0)