बरेली के एक शादी समारोह में मेहमानों की मेहमान नवाजी में लापरवाही का आरोप लगा है। पीलीभीत बाईपास स्थित स्पर्श लॉन में बारातियों को ऐसे बर्तन में सब्जी परोसने का आरोप है जिस पर कुत्ते के पंजों के निशान बने थे। परिवार का दावा है कि शादी समारोह के लिए ₹10 लाख खर्च किए, बावजूद उन्हें ऐसी गंदी सर्विस मिली जिससे मेहमान नाराज हो गए। घटना का वीडियो भी अब सामने आया है।
हमारे व्हॉट्सअप में शामिल होने के लिए क्लिक कीजिये
हमारे टेलीग्राम में शामिल होने के लिए क्लिक कीजिये
हमारे YOUTUBE में शामिल होने के लिए क्लिक कीजिये
हालांकि लॉन प्रबंधन ने आरोप को खारिज कर एआई वीडियो जेनरेटेड बताया है। अब एक तरफ परिवार उच्च अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं तो दूसरी तरफ लॉन प्रबंधन इसे भुगतान के विवाद से जोड़कर सभी आरोप को गलत बता रहा है।
पूरा मामला थाना बारादरी क्षेत्र के पीलीभीत बाईपास स्थित स्पर्श लॉन का है। यहां अमन ने शादी समारोह के लिए बुकिंग कराई थी। परिवार के अनुसार समारोह के दौरान जब मेहमान खाना खा रहे थे, उस दौरान सब्जी से भरा स्टील का बड़ा बर्तन लेकर वेटर पहुंचा। बर्तन पर कुत्तों के पंजों के जैसे निशान देखकर बाराती भड़क गए। उन्होंने इसका वीडियो बना लिया और सवाल करने लगे। वीडियो के बाद कर्मचारी बर्तन गलती से आ जाने की बात कहता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि खाने के चावल भी अधपके थे। सर्विस बहुत ही गंदी थी। उनका कहना है कि हमने ₹10 लाख खर्च किए, बावजूद यह बहुत बड़ी लापरवाही प्रबंधन द्वारा की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर स्पर्श लॉन प्रबंधन के मैनेजर प्रिया गुप्ता ने इन आरोप को गलत बताया। उनका कहना है कि लॉन में किसी को भी कुत्ते के बर्तन में खाना नहीं परोसा गया है। यह वीडियो एआई जनरेटेड है। प्रबंधन का दावा है कि बुकिंग के दौरान एडवांस पेमेंट को लेकर परिवार नाराज था, जिसके बाद अब इस तरह के विवाद के आरोप लगाए जा रहे हैं। यानी एक तरफ परिवार बर्तन में खाना परोसने और खराब व्यवहार का आरोप लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ प्रबंधन इन सभी आरोप को नकार रहा है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। परिवार अब डीएम और खाद्य सुरक्षा विभाग समेत उच्च अधिकारी से इस बात की शिकायत करने की बात कह रहा है, जबकि लॉन प्रबंधन आरोप को गलत बताते हुए एआई वीडियो बता रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर वीडियो फर्जी है तो सच्चाई क्या है? अगर बर्तन में खाना परोसा गया था तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच पर है, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

Comments (0)