अंबिकापुर से बड़ी खबर जहां अंबिकापुर में 50 लाख की चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को मंत्री राजेश अग्रवाल से शिकायत की। अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने पुलिस की कार्यवाही पर भी सवाल उठा दिए। इसके बाद राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन किया और उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है, बांधकर बैठा दिया है, छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए।
इस पर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने कार्यवाही के लिए दो दिन का समय मांगा है। वहीं अब बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जानकारी के अनुसार अग्रसेन भवन पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल से व्यापारियों ने कहा कि उनके कहने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। व्यापारियों ने थाना प्रभारी को खर्चा पानी के लिए पैसे देने का भी आरोप लगाया है।
उनका कहना था कि इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, उन्हें लगातार परेशान होना पड़ रहा है। व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया और उन्होंने कहा कि अपराधियों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। राजेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया और बांधकर बैठा दिया है। इस पर थाना प्रभारी कार्यवाही के लिए दो दिन समय मांगे हैं।
मंत्री ने कहा कि दो-तीन दिन में कार्यवाही करके मुझे जानकारी दें। मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है, जहां कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीना पहले कोतवाली थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि कंपनी में छह साल से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की ने कंपनी की फर्जी सील बनाकर बड़े पैमाने पर सामान की हेराफेरी की। शिकायत के अनुसार दोनों पिछले चार महीने से फर्जी रसीद बनाकर कंपनी से सामान निकाल रहे थे। पिकअप और दूसरे माल वाहनों से सामान गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जाता था। यहां से दुकानों में भी इसकी सप्लाई की जा रही थी।

Comments (0)